विज्ञापन

WELCOME TO U NEWS

*एक बूथ, तीन चुनाव और हर बार अव्वल* *मतदाता जागरूकता की मिसाल बना वार्ड 18* *एक शिक्षक ने घर-घर पहुंचकर बदली मतदाता सूची की तस्वीर* *शुद्ध मतदाता सूची और लगातार मतदाता जागरूकता बनी सफलता की कुंजी* *नगरपालिका चुनाव में 95.44% मतदान*

दिनांक - 10.09.2026

केकड़ी। लोकतंत्र के महापर्व में मतदाता जागरूकता और बूथ लेवल अधिकारी के सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। नगरपालिका केकडी के वार्ड नम्बर 18 ने लगातार तीन चुनावों में मतदान के मामले में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। यहां बूथ लेवल अधिकारी दिनेश कुमार वैष्णव के लगातार प्रयासों और मतदाताओं की जागरूकता का परिणाम है कि उनके क्षेत्र ने विधानसभा चुनाव 2023, लोकसभा चुनाव 2024 और नगरपालिका चुनाव 2026—तीनों चुनावों में सर्वाधिक मतदान का गौरव हासिल किया है। 


*तीन चुनावों में लगातार अव्वल*

विधानसभा चुनाव 2023 में भाग संख्या 145 के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, चारभुजा मंदिर के कमरा नंबर 8 में 1146 में से 953 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां 83.15 प्रतिशत मतदान हुआ, जो केकड़ी शहरी क्षेत्र में सर्वाधिक था। इतना ही नहीं, क्षेत्र के सभी 22 दिव्यांग मतदाताओं को प्रेरित कर मतदान करवाया गया। इसके बाद लोकसभा चुनाव 2024 में भी यही क्षेत्र फिर अव्वल रहा। कुल 1152 मतदाताओं में से 818 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और 71.01 प्रतिशत मतदान हुआ। 

अब नगरपालिका चुनाव 2026 में वार्ड संख्या 18 ने एक बार फिर अपनी जागरूकता का परिचय दिया। नगरपालिका केकड़ी के वार्ड 18 के मतदान केन्द्र संख्या 20, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय चारभुजा मंदिर के कमरा नंबर 6 में 901 में से 860 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां 95.44 प्रतिशत मतदान हुआ, जो नगरपालिका के सभी 40 वार्डों में सर्वाधिक रहा। क्षेत्र के सभी 10 दिव्यांग मतदाताओं ने भी मतदान किया। इस प्रकार इस क्षेत्र ने लगातार तीसरी बार अपनी श्रेष्ठता कायम रखी। 

*सिर्फ सूची सुधारी नहीं, व्यवस्था में भी बदलाव कराया*

इस ऐतिहासिक मतदान के पीछे केवल मतदान दिवस पर किया गया प्रयास नहीं, बल्कि वर्षों से बूथ स्तर पर की जा रही सतत मेहनत भी महत्वपूर्ण रही। बूथ लेवल अधिकारी दिनेश कुमार वैष्णव ने मतदाता सूची को लगातार अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया। 

वैष्णव ने बताया कि अक्टूबर 2021 में BLO की जिम्मेदारी संभालते समय मतदाता सूची में कई अशुद्धियां थीं और वह पूरी तरह अपडेट भी नहीं थी। वैष्णव ने इसे केवल विभागीय दायित्व मानकर कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रखा, बल्कि स्वयं पूरे वार्ड का घर-घर जाकर सर्वे किया। घरों के क्रम के अनुसार प्रत्येक परिवार में 18 वर्ष से अधिक आयु के सदस्यों की जानकारी जुटाई। विद्यालय समय के बाद अतिरिक्त समय निकालकर घर पर बैठकर स्वयं माइक्रोसॉफ्ट एक्सेल में पूरी जानकारी टाइप कर सूचीबद्ध की और मतदाता सूची को व्यवस्थित करने की दिशा में काम शुरू किया।

पूर्व में यहां की मतदाता सूची में केवल 7 अनुभाग थे और उनमें मतदाताओं की संख्या काफी असंतुलित थी। इसे देखते हुए वैष्णव ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, केकड़ी को नवीन अनुभाग सृजित करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इस पहल का असर यह हुआ कि 9 सितंबर 2024 को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी केकड़ी के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अजमेर को पत्र भेजा गया। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) ने 20 सितंबर 2024 को राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी जयपुर को भाग संख्या 145 में नवीन अनुभाग सृजित करने के लिए विशेष निवेदन किया। इस तरह एक BLO की स्थानीय स्तर पर की गई पहल आगे बढ़कर निर्वाचन व्यवस्था में आवश्यक बदलाव का माध्यम बनी। 

*मतदाता सूची को बनाया आधार, इसलिए मतदान में दिखा असर*

किसी मतदाता की मृत्यु होने या उसके अन्यत्र स्थानांतरित होने की जानकारी मिलते ही उसका नाम सूची से हटाने की कार्रवाई की गई, वहीं 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए मतदाताओं के नाम भी लगातार जोड़े गए। इस सतत प्रक्रिया का परिणाम यह रहा कि मतदाता सूची को वास्तविक मतदाताओं के अनुरूप रखने का प्रयास किया गया और एक भी फर्जी मतदाता को सूची में स्थान नहीं दिया गया।


*मतदाता जागरूकता के लिए बनाया WhatsApp ग्रुप*

वैष्णव ने मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने और चुनाव संबंधी जानकारी पहुंचाने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया। इसके माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के साथ आवश्यक सूचनाएं लगातार साझा की गईं। 


*मतदाता सूची के उत्कृष्ट कार्य के लिए मिल चुका सम्मान*

मतदाता सूची को अद्यतन रखने तथा मतदाताओं को जागरूक करने के कार्य को निष्ठापूर्वक करने के लिए तेरहवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी, केकड़ी द्वारा बूथ लेवल अधिकारी दिनेश कुमार वैष्णव को सम्मानित भी किया जा चुका है। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) में उत्कृष्ट कार्य के लिए सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी केकड़ी के रूप में कार्य कर रहे मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गोपीलाल कीर ने भी वैष्णव को सम्मानित किया था। वैष्णव राज्य स्तर पर पुरस्कृत शिक्षक हैं और शिक्षा के साथ-साथ निर्वाचन संबंधी दायित्वों का भी निष्ठापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। 

*सिर्फ मतदान ही नहीं, मतदाता सेवाओं में भी सक्रियता*

शिक्षक वैष्णव के द्वारा एचटूएच सर्वे के दौरान भी उत्कृष्ट कार्य किया गया तथा मतदाता पहचान पत्र को आधार से जोड़ने के लिए 1152 में से 1140 मतदाताओं के प्रपत्र 6 बी आवेदन भरवाए गए, जो मतदाता सेवाओं के प्रति सक्रियता और गंभीरता को दर्शाता है।

अक्टूबर 2021 में घर-घर जाकर शुरू किया गया एक छोटा-सा प्रयास आज तीन चुनावों में लगातार मतदान की बड़ी उपलब्धि में बदल गया है। यह कहानी सिर्फ एक बूथ के सर्वाधिक मतदान की नहीं, बल्कि एक जागरूक BLO, शुद्ध मतदाता सूची और जिम्मेदार मतदाताओं के सामूहिक प्रयास की कहानी है। लगातार तीन चुनावों में मतदान में अव्वल रहना बताता है कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची, सतत जागरूकता और मतदाताओं का विश्वास—मिलकर लोकतंत्र की इस शानदार तस्वीर को गढ़ते हैं। वार्ड 18 अब केवल सर्वाधिक मतदान वाला क्षेत्र नहीं, बल्कि जिम्मेदार और जागरूक मतदाता समुदाय की प्रेरक मिसाल बन गया है।

Post a Comment

0 Comments