वृक्ष केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि जीवन का आधार - आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज
मोहित त्यागी,
एलेप्पी, केरल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने केरल के एलेप्पी में पौधारोपण कर उन्हें जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। एक पेड़ लगाना आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन का संकल्प लेने के समान है। सनातन परंपरा में भी प्रकृति, वनस्पति और जीव-जगत को सदैव पूजनीय माना गया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना करते हुए कहा कि उनके जन्मदिवस पर वृक्षारोपण का यह संकल्प प्रकृति संरक्षण और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
महाराज जी ने कहा,
“जिस प्रकार एक वृक्ष बिना किसी भेदभाव के हर प्राणी को छाया, प्राणवायु और फल देता है, उसी प्रकार हमारा जीवन भी समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए समर्पित होना चाहिए। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर एक पौधा लगाना प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संकल्प है।”
उन्होंने सभी देशवासियों से आह्वान किया कि विशेष अवसरों को केवल उत्सव तक सीमित न रखें, बल्कि एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनाने का संकल्प लें। यही प्रकृति के प्रति सच्ची श्रद्धा और आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी सबसे सुंदर विरासत होगी।
परमात्मा से प्रार्थना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर शक्ति प्रदान करें। जन्मदिवस पर उन्हें कोटि-कोटि मंगलकामनाएं।

0 Comments