विज्ञापन

WELCOME TO U NEWS

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले शहर विधायक संजीव शर्मा, गाजियाबाद विधानसभा के विकास एवं जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

 


दीपक कुमार त्यागी / हस्तक्षेप 

स्वतंत्र पत्रकार 

लखनऊ / गाजियाबाद। शहर विधायक संजीव शर्मा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर गाजियाबाद विधानसभा  के विकास एवं जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान विधायक संजीव शर्मा ने गाजियाबाद के होनहार पत्रकार एवं फोटोग्राफर स्वर्गीय उस्मान सैफ़ी की करंट लगने से हुई आकस्मिक मृत्यु का विषय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रमुखता से रखा। संजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी को बताया कि स्वर्गीय उस्मान सैफ़ी अपने पीछे पत्नी एवं दो अविवाहित पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। विधायक ने पीड़ित परिवार को यथासंभव आर्थिक सहायता एवं सरकारी सहयोग उपलब्ध कराए जाने का आग्रह किया।

इसके अतिरिक्त विधायक संजीव शर्मा ने क्रॉसिंग क्षेत्र में नाले के निर्माण एवं डेंस रोड निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी के समक्ष रखा, जिससे क्षेत्रवासियों को जलभराव एवं यातायात संबंधी समस्याओं से स्थायी राहत मिल सके।

विधायक संजीव शर्मा ने लाइन पार क्षेत्र में कन्या डिग्री कॉलेज का निर्माण शीघ्र शुरू कराने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज के निर्माण से क्षेत्र की हजारों बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए अपने ही क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

बैठक में विधायक संजीव शर्मा ने गाजियाबाद जनपद के डूडा विभाग में परियोजना अधिकारी के लंबे समय से रिक्त पद पर शीघ्र नियुक्ति किए जाने का विषय भी मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण पद के रिक्त रहने से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न हो रही है।

विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि गाजियाबाद के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के संवेदनशील एवं विकासोन्मुख नेतृत्व में इन सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लेकर जनपद के विकास को नई गति मिलेगी।

Post a Comment

0 Comments