श्रीगंगानगर। समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था महावीर इंटरनेशनल, श्रीगंगानगर ने शिक्षा और संस्कार प्रकल्प के तहत एक अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। संस्था की ओर से पुलिस लाइन स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय नं. 5 में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के सपनों को उड़ान देने के लिए विद्यालय की लाइब्रेरी को ढाई लाख रुपये की उच्च स्तरीय प्रतियोगी पुस्तकें भेंट की गई हैं।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अब होगी सुगम
संस्था के अध्यक्ष कमलकांत कोचर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूल के प्रतिभावान विद्यार्थियों को संसाधनों के अभाव से बचाना है। भेंट की गई इन पुस्तकों में मुख्य रूप से IIT, JEE, NEET और NEST जैसी कठिन परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक अध्ययन सामग्री शामिल है।
अनुभवी शिक्षकों का मिलेगा साथ
विद्यालय के शिक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि उनके नेतृत्व में विद्यालय के शिक्षकों की टीम इन पुस्तकों के माध्यम से विद्यार्थियों को विशेष तैयारी करवाएगी। इस सेवा कार्य में संस्था के कोषाध्यक्ष अजय बंसल 'गोल्डी' का विशेष सहयोग रहा।
विद्यार्थियों को मिला सफलता का मंत्र
कार्यक्रम के दौरान पूर्व चेयरमैन वीरेन्द्र बैद ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि केवल साधन जुटाने से सफलता नहीं मिलती, बल्कि नियमित अध्ययन, कड़ी मेहनत और अनुशासन ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को इन पुस्तकों का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

0 Comments