पन्ना पवई। नए सत्र की शुरुआत के साथ शासकीय माध्यमिक शाला नारायणपुरा के शिक्षक सतानंद पाठक ने आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को शैक्षिक सामग्री वितरित की। उनकी इस पहल से बच्चों को पढ़ाई में सुविधा होगी।
शनिवार को विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 60 विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, पेंसिल, ज्यामिति बॉक्स और स्कूल बैग दिए गए। शिक्षक सतानंद पाठक ने बताया कि कई बच्चे ऐसे हैं जो कॉपी-पेन नहीं खरीद पाते। इसलिए हर साल अपने वेतन से कुछ बचत कर जरूरतमंद बच्चों की मदद करता हूं।
उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन बदलती है। सामग्री मिलने से पढ़ाई न रुके, यही हमारा उद्देश्य है। मेहनत से पढ़ो और आगे चलकर समाज के लिए कुछ अच्छा करो।
सामग्री पाकर छात्र खुशी से झूम उठे। कक्षा 8वीं के छात्रा अंजना चौधरी ने कहा कि गुरुजी हमेशा हमारी मदद करते हैं। पहले पौधारोपण, अब कॉपी-किताब – वे सिर्फ शिक्षक नहीं, हमारे मार्गदर्शक भी हैं।
प्रधानाध्यापक श्रीमती माया खरे ने कहा कि सतानंद पाठक जैसे शिक्षक स्कूल को परिवार की तरह चलाते हैं। छाता वितरण, इको क्लब, गुठली बैंक और अब शैक्षिक सामग्री – हर काम में उनका उद्देश्य बच्चों का भविष्य संवारना है।
विद्यालय के अतिथि शिक्षक आसिफ खान और पालकों ने भी इस सहयोग की सराहना की। अंत में सभी बच्चों ने नियमित रूप से स्कूल आने और अच्छी पढ़ाई करने का संकल्प लिया।
*फोटो कैप्शन:* छात्र-छात्राओं को कॉपी, पेन और स्कूल बैग वितरित करते शा. मा. शाला नारायणपुरा के शिक्षक सतानंद पाठक।

0 Comments